18 मुकदमों से जुड़ी अवैध शराब को न्यायालय की अनुमति से किया गया निस्तारण
शासन की मंशा के अनुरूप थानों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाए जाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बेला में मालखाने में जमा काफी समय से लंबित माल मुकदमाती का निस्तारण किया गया।
आबकारी अधिनियम से संबंधित जब्त अवैध शराब के निस्तारण हेतु मा० न्यायालय से अनुमति प्राप्त होने के बाद आज नायब तहसीलदार बिधूना एवं थानाध्यक्ष बेला श्री गंगादास गौतम की उपस्थिति में थाना बेला परिसर में गड्ढा खुदवाकर अवैध शराब को नष्ट कराया गया।

नष्ट की गई शराब में कुल 18 मुकदमों से संबंधित 311 क्वार्टर देशी शराब एवं 40 लीटर कच्ची शराब शामिल है। नष्ट की गई अवैध शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 31,325 रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई का उद्देश्य थानों में वर्षों से जमा माल मुकदमाती का समयबद्ध निस्तारण कर मालखानों को व्यवस्थित करना तथा अवैध शराब के पुनः दुरुपयोग की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना है। पुलिस प्रशासन द्वारा आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।








