आवारा सांड ने 89 वर्षीय सेवानिवृत्त दीवान मोहनलाल सविता पर हमला कर लहूलुहान कर दिया।

संवाददाता – पंकज वीर सिंह

घटना का विवरण

कस्बे में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना में घर के बाहर टहल रहे एक सेवानिवृत्त दीवान पर आवारा सांड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ललपुरा थाना क्षेत्र के नदेहरा गांव निवासी 89 वर्षीय मोहनलाल सविता कस्बे के गुटखा फैक्ट्री के समीप मकान बनाकर रह रहे हैं। शुक्रवार की शाम वह रोज की तरह घर के बाहर टहलने निकले थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक आवारा सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें पटक-पटक कर लहुलुहान कर दिया।

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को भगाया और घायल बुजुर्ग को बचाया। हमले में मोहनलाल सविता को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बुजुर्ग की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कस्बे में आवारा सांडों और पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *