संवाददाता : पंकज वीर सिंह
भरुआ सुमेरपुर कस्बे के वार्ड नंबर-9 में रविवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब भवन निर्माण के दौरान एक दिहाड़ी मजदूर गंभीर हादसे का शिकार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य कर रहे दिहाड़ी मजदूर बच्चू लाल अहिरवार (उम्र 50 वर्ष) का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे वह नीचे पड़ी लोहे की सरियों पर गिर पड़ा। हादसे में एक सरिया उसके कंधे के आर-पार जा घुसी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद भवन मालिक और अन्य मजदूरों ने तत्काल सरिया को बीच से काटा और घायल मजदूर को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सफल ऑपरेशन कर मजदूर के शरीर से सरिया बाहर निकाली।
चिकित्सकों के अनुसार, मजदूर की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।








