औरैया- ब्यूरो रिपोर्ट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर अब लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखने की घोषणा की है। यह फैसला क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया की मांग पर लिया गया है। इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि इससे पहले बिधूना स्थित राजकीय महाविद्यालय का नाम 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह ने अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा था। लेकिन वर्ष 2013 में समाजवादी पार्टी की सरकार ने इसका नाम बदलकर डॉ. राम मनोहर लोहिया कर दिया था। इस निर्णय से पाल-गढ़रिया समाज सहित पिछड़े वर्ग की भावनाएं आहत हुई थीं। अब एक बार फिर अहिल्याबाई होल्कर के नाम को सम्मान देते हुए मेडिकल कॉलेज का नामकरण किया गया है।
कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पाल-गढ़रिया समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। पुण्य श्लोक महारानी अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी जन्म स्मृति अभियान के जिला संयोजक अमरचन्द्र राठौर, यशवीर सिकरवार, विशाल शुक्ला, इन्द्रपाल सिंह पाल और मनीष भारती समेत सैकड़ों कार्यकर्ता इस मौके पर मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी।
सामाजिक और ऐतिहासिक महत्व
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को भारतीय इतिहास में उनके न्यायप्रिय शासन, समाज सुधार और लोककल्याणकारी कार्यों के लिए जाना जाता है। उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का नामकरण न केवल ऐतिहासिक सम्मान है, बल्कि समाज के पिछड़े वर्गों को भी प्रेरणा देगा।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार समाज के सभी वर्गों के सम्मान और गौरव को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरित होकर प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।